श्री रामलीला समिति ऐशबाग का रामलीला महोत्सव 2026, 11 अक्टूबर से होगा शुभारंभ लखनऊ। श्री रामलीला समिति, ऐशबाग, लखनऊ की ओर से रामलीला महोत्सव-2026 का आयोजन 11 अक्टूबर से 22 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा।




 Sanjay Agarwal 

Tringel News Lucknow 

8574663222

श्री रामलीला समिति ऐशबाग का रामलीला महोत्सव 2026, 11 अक्टूबर से होगा शुभारंभ

लखनऊ। श्री रामलीला समिति, ऐशबाग, लखनऊ की ओर से रामलीला महोत्सव-2026 का आयोजन 11 अक्टूबर से 22 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। समिति द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस वर्ष भी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ किया जाएगा।

समिति के अध्यक्ष हरीश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि रामलीला महोत्सव का शुभारंभ 11 अक्टूबर, रविवार को प्रातःकाल भगवान गणेश के पूजन के साथ होगा। इसके पश्चात रामलीला परिसर में भगवान राम, माता सीता, लक्ष्मण जी, भरत जी, शत्रुघ्न जी एवं हनुमान जी के विग्रहों का पूजन किया जाएगा। दोपहर 3 बजे से सुंदरकांड का पाठ प्रारंभ होगा, जबकि शाम 6 बजे रामलीला मंचन का शुभारंभ किया जाएगा।

कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिदिन शाम 7:30 बजे देवताओं के आह्वान एवं भजन प्रस्तुतियों के साथ धार्मिक आयोजन होंगे। इसके बाद शाम 8:30 बजे से रामलीला का मंचन शुरू होगा, जो रात्रि 11:30 बजे तक चलेगा। रामलीला का मंचन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से किया जाएगा।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस वर्ष दशहरा पर्व का आयोजन 20 अक्टूबर 2026, मंगलवार को किया जाएगा। इस अवसर पर रावण, मेघनाद एवं कुंभकर्ण के पुतलों का दहन होगा। वहीं, 21 अक्टूबर को भरत मिलाप एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त, 22 अक्टूबर 2026, गुरुवार को शाम 6 बजे रामलीला परिसर से राजाराम चंद्र जी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में धार्मिक झांकियां, बैंड-बाजा, ढोल तथा अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। कार्यक्रम का समापन विधिवत धार्मिक अनुष्ठानों के साथ होगा।

समिति के पदाधिकारियों ने श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामलीला महोत्सव में सहभागिता करें तथा भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं।

Sanjay Agarwal 

Tringel News Lucknow 

8574663222


Comments